Jabalpur News: जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया, जहां मामूली कहासुनी ने युवक की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।

ग्राम टिकरी निवासी 56 वर्षीय श्याम सिंह गौंड़ ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि उनके भतीजे सुनील सिंह गौंड़ उर्फ लल्लू (36) और दिलीप सिंह गौंड़ के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 18-19 मार्च की दरम्यानी रात करीब 1 बजे दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें दिलीप ने लाठी-डंडों से सुनील पर हमला कर दिया।

सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली, तो सुनील घर में घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके दोनों पैरों और पीठ पर गंभीर चोटें थीं, और पिंडलियों से खून बह रहा था। हालत बिगड़ने पर एम्बुलेंस से उसे पनागर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
लेकिन रास्ते में ही सुनील ने दम तोड़ दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप सिंह (39) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post