दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आनंद नगर इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नाले की सफाई के दौरान नगर निगम कर्मचारियों को बम का खोखा मिला। यह स्थान 30 हजार के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे शमीम कबाड़ी के घर के पीछे बताया जा रहा है, जिससे पुलिस का शक सीधे उसी पर जा रहा है।
नाले की सफाई के दौरान दिखा संदिग्ध वस्तु
नगर निगम की टीम नियमित सफाई अभियान चला रही थी, तभी कर्मचारियों की नजर नाले में पड़े बम जैसे खोल पर पड़ी। घबराए कर्मचारियों ने तुरंत काम रोककर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोहलपुर और आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, इलाके को खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ता बुलाया गया।
जांच के बाद टीम ने बताया कि यह सक्रिय बम नहीं, बल्कि सिर्फ बम का खाली खोल है। इसमें कोई बारूद या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। खोल को जब्त कर जांच के लिए आयुध निर्माणी खमरिया भेज दिया गया है।
शमीम कबाड़ी पर फिर गहराया शक
बम का खोल मिलने की जगह शमीम कबाड़ी के घर के बेहद करीब होने से पुलिस की नजर फिर उसी पर टिक गई है। दरअसल, शमीम पहले भी बड़े विस्फोट कांड में आरोपी रह चुका है। 25 अप्रैल 2024 को खजरी खिरिया स्थित उसके कबाड़खाने में भीषण धमाका हुआ था। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी थी। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई थी।
जांच के दौरान वहां से करीब ढाई हजार बमों के खोल बरामद किए गए थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया।
दो साल से फरार, 30 हजार का इनाम घोषित
विस्फोट मामले में शमीम कबाड़ी, उसके बेटे फहीम और पार्टनर सुल्तान के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।
तब से शमीम फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 30,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
पुलिस का कहना है कि वह खजरी खिरिया धमाके का मास्टरमाइंड है और उसकी तलाश लगातार जारी है।
आयुध निर्माणी खमरिया का हो सकता है खोखा
गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे के अनुसार बरामद बम का खोखा संभवतः आयुध निर्माणी खमरिया का हो सकता है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सतर्क रहें — संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत सूचना दें
ऐसी घटनाएं बताती हैं कि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे में बदल सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखे तो छुएं नहीं, तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Tags
jabalpur
