दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। टीम ने मौके से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि बाद में उसके पति को भी हिरासत में ले लिया गया।
बताया गया है कि जब्त की गई देशी शराब की कीमत करीब 28 लाख रुपए आंकी गई है। आशंका है कि 31 मार्च को शराब ठेकों की अवधि समाप्त होने से पहले इस अवैध स्टॉक को खपाने की तैयारी की जा रही थी।
सूचना पर हुई छापेमारी
आबकारी आयुक्त के निर्देश पर अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सहायक आबकारी आयुक्त संजीव कुमार दुबे को सूचना मिली कि बेलखेड़ा क्षेत्र के ग्राम गुबराकलां स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में शराब जमा है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम प्रभारी परमानंद खोरचे के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी।
घर में घुसने से रोकती रही महिला
मौके पर मौजूद महिला गीताबाई दुबे ने शुरू में अधिकारियों को घर के अंदर जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन सख्ती के बाद जब टीम अंदर पहुंची तो वहां शराब का बड़ा जखीरा मिला।
हजारों लीटर शराब बरामद
तलाशी के दौरान टीम ने 345 पेटी देशी मदिरा मसाला, 266 पेटी देशी मदिरा प्लेन कुल 5499 बल्क लीटर शराब बरामद की। आबकारी विभाग के अनुसार पूरी खेप की कीमत लगभग 28 लाख रुपए है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
विभाग ने शराब जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34/1 (क) और 34/2 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी गीताबाई दुबे और उसके पति रविशंकर दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बेटों की संलिप्तता की भी आशंका
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि महिला के दो बेटे भी अवैध शराब के कारोबार में शामिल हो सकते हैं। हालांकि छापेमारी के समय घर पर केवल महिला ही मौजूद थी।
गांवों में सप्लाई की थी तैयारी
कंट्रोल रूम प्रभारी के अनुसार ठेकों की अवधि समाप्त होने से पहले गांवों में अवैध रूप से शराब सप्लाई करने के उद्देश्य से यह स्टॉक जमा किया गया था। फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और अन्य आरोपियों के नाम सामने आने की संभावना है।
Tags
jabalpur
