दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में एक बिल्डर पर चाकू से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर इनकार करने से नाराज तीन अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
रास्ते में रोका, पैसे मांगे और किया हमला
पुलिस के अनुसार, घायल संदीप गुप्ता (50), निवासी आस्था परिसर न्यू रामनगर अधारताल, पेशे से बिल्डर हैं। उन्होंने बताया कि वह सुशीला परिसर स्थित अपनी साइट से दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सुशीला परिसर गेट के पास पहुंचे, वहां मौजूद तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।
इनकार करते ही चाकू से किया वार
संदीप गुप्ता ने जब पैसे देने से मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक युवक ने चाकू निकालकर उनकी दोनों जांघों पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मेट्रो अस्पताल में भर्ती
घायल को तुरंत इलाज के लिए मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
गोहलपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 118(1), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
Tags
jabalpur
