दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार शाम गुना और सीधी में बड़े प्रशासनिक बदलाव किए हैं। गुना हवालाकांड के बाद एसपी अंकित सोनी को तत्काल प्रभाव से हटाकर पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) बनाया गया है। उनकी जगह इंदौर 15वीं बटालियन की कमांडेंट हितिका वसल को गुना का नया SP नियुक्त किया गया है।
इसी तरह, सीधी में जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के बाद सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को हटाने के निर्देश दिए गए। उनकी जगह 2013 बैच के विकास मिश्रा को नया कलेक्टर बनाया गया है।
गुना हवालाकांड की पूरी जांच के दौरान डीआईजी अमित सांघी ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। आरोप है कि गुजरात के एक जीरा कारोबारी की कार से करीब 1 करोड़ रुपए कैश पकड़ा गया, लेकिन 20 लाख रुपए वापस कर दिए गए। प्रारंभिक जांच में 4 पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद SP तक कार्रवाई पहुंची।
सीएम ने कहा कि अधिकारियों की जिम्मेदारी उनकी नियुक्ति के साथ आती है और शिकायतें मिलने पर उन्हें मैदान में जवाबदेही के साथ काम करना चाहिए।
साथ ही, जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Tags
madhya pradesh
