दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर स्थित व्हीकल फैक्ट्री (वीएफजे) में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चार्जमेन का शव कार्यालय के भीतर फंदे से झूलता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान कंचनपुर निवासी मेमसन मार्टिन (57) के रूप में हुई है, जो वीएफजे में चार्जमेन के पद पर कार्यरत थे। सूचना मिलते ही सुरक्षा विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यालय का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस की मौजूदगी में खुलवाया गया।
पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में मृतक ने अत्यधिक काम के दबाव और मानसिक तनाव को आत्मघाती कदम उठाने का कारण बताया है।
सिविल वर्क की जिम्मेदारी बनी तनाव का कारण
बताया जा रहा है कि मेमसन मार्टिन अपने नियमित कार्यों के साथ-साथ सिविल वर्क की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे, जिससे वे काफी समय से मानसिक दबाव में थे।
जांच में जुटी पुलिस
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सुसाइड नोट और अन्य पहलुओं के आधार पर पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
Tags
jabalpur
