दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। शहर के कंपू थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो पक्षों का विवाद सुलझाने पहुंचे सब-इंस्पेक्टर खुद ही विवाद में घिर गए। आमखो तिराहा पर हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
युवकों ने एसआई से की बदसलूकी, नेम प्लेट खींचने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, सब-इंस्पेक्टर रूद्र पाठक को कार और बाइक की टक्कर के बाद हुए विवाद की सूचना मिली थी। वे मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा ही रहे थे कि तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनसे बहस करने लगे।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और युवकों ने एसआई के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उन्होंने वर्दी पकड़कर उनकी नेम प्लेट तक खींचने की कोशिश की। भीड़ के बीच एसआई खुद को बचाते नजर आए।
घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक खुलेआम कहते नजर आ रहे हैं “सब-इंस्पेक्टर है तो हमारा क्या बिगाड़ लेगा?” वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक पुलिस अधिकारी के साथ अभद्रता कर रहे हैं और माहौल को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।
फोर्स आने से पहले आरोपी फरार
हंगामा बढ़ता देख एसआई ने तत्काल थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक वहां से फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी उज्जवल शर्मा, निवासी नाका चंद्रवदनी है। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।
एसआई बोले— “मैं सिर्फ विवाद सुलझाने गया था”
एसआई रूद्र पाठक ने बताया कि वे सिर्फ दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने पहुंचे थे। उसी दौरान एक युवक बेवजह बीच में आकर बहस करने लगा और माहौल बिगाड़ दिया।
अभी तक FIR नहीं, जांच जारी
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के सामने आने के बावजूद अब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
