MP News: मंडला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, तुरंत हरकत में आई पुलिस, शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी कोर्ट की ऑफिशियल ईमेल आईडी पर एक अज्ञात मेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंच गया। पूरे कोर्ट परिसर को घेरकर चप्पे-चप्पे की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन चेकिंग की जा रही है।

दक्षिण भारतीय भाषा में आया धमकी भरा मेल

थाना प्रभारी शफीक खान के अनुसार, धमकी भरा ईमेल दक्षिण भारतीय भाषा में लिखा गया है, जिससे जांच और भी चुनौतीपूर्ण हो गई है। फिलहाल पुलिस इस मेल की भाषा और उसके स्रोत को समझने की कोशिश कर रही है।

साइबर सेल कर रही तकनीकी जांच

एसडीओपी पीयूष मिश्रा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल ईमेल का तकनीकी विश्लेषण कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेल कहां से और किसने भेजा।

सुरक्षा बढ़ाई गई, प्रशासन सतर्क

एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post