दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शख्स ने एक मासूम पिल्ले को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
CCTV में कैद हुई हैवानियत
यह पूरी घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र की पैराडाइज कॉलोनी में 19 मार्च की रात की बताई जा रही है। सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि एक मासूम पिल्ला सड़क पर टहलते हुए आरोपी के पास पहुंचता है, तभी आरोपी उस पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर देता है।
हमले के बाद पिल्ला जमीन पर गिरकर तड़पता रहा, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा। वह उसे घसीटता हुआ नजर आया और कुछ ही देर में पिल्ले की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
मामले में आरोपी की पहचान पैराडाइज कॉलोनी निवासी मुकेश कुमावत के रूप में हुई है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
एनिमल एक्टिविस्ट की शिकायत पर FIR
पशु संरक्षण संस्था पीपुल्स फॉर एनिमल्स (PFA) की इंदौर ब्रांच की अध्यक्ष प्रियांशु जैन ने इस मामले में थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने दावा किया कि पिल्ला लोगों को काटता था लेकिन इस तरह की क्रूरता किसी भी हालत में जायज नहीं ठहराई जा सकती।
स्थानीय लोगों में गुस्सा, सख्त कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश है। सभी आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
Tags
madhya pradesh
