Jabalpur News: गढ़ा में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, पिता-पुत्र ने एक-दूसरे पर लगाए मारपीट के आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने रविवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। मकान के हिस्से को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र और परिवार के अन्य सदस्य आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार राजेन्द्र विश्वकर्मा (66 वर्ष) निवासी इंद्राबस्ती गुरहा तालाब ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 7 बजे उनकी पत्नी प्रेमलता घर के बाहर बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान बहू कविता विश्वकर्मा ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे राजेन्द्र विश्वकर्मा पर उनके बेटे तारकेश्वर विश्वकर्मा ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे उन्हें और उनकी पत्नी को हाथ-पैर व शरीर में चोटें आईं। वहीं, छोटी बहू खुशबू को भी धक्का देकर गिरा दिया गया, जिससे उसे पीठ में चोट लगी। आरोप है कि घटना के बाद तारकेश्वर और कविता ने जान से मारने की धमकी भी दी।

वहीं दूसरी ओर तारकेश्वर विश्वकर्मा (42 वर्ष) ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह नजूल भूमि पर बने मकान में रहता है, जिसका टैक्स उसकी पत्नी के नाम पर आता है। आरोप है कि उसके पिता राजेन्द्र और भाई जुगल किशोर उस पर मकान खाली करने का दबाव बनाते हैं और इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता है।

घटना के दिन भी उसकी पत्नी कविता और मां प्रमिला के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पिता और भाई ने मिलकर उसके और उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि डंडे से हमला कर उनके पैर और कमर में चोट पहुंचाई गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post