Jabalpur News: महिला से 2.27 करोड़ की साइबर ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां शेयर बाजार में निवेश के नाम पर एक महिला से 2 करोड़ 27 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने इस गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

5% रोजाना और 500% रिटर्न का लालच

आरोपियों ने महिला को प्रतिदिन 5 प्रतिशत रिटर्न और लंबी अवधि में 500 प्रतिशत तक मुनाफे का झांसा दिया।
शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन के नाम पर महिला को भरोसे में लेकर बड़ी रकम निवेश करवाई गई।

फर्जी कंपनियों के जरिए ठगी का जाल

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने फर्जी कंपनियां बनाकर कई बैंक खाते खुलवाए थे।
इन्हीं खातों के जरिए ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया जाता था।
एक खाते से ही करीब 20 लाख रुपए साथियों को भेजे गए।

नागपुर जेल से आरोपी गिरफ्तार

मुख्य आरोपी अभिषेक विश्वकर्मा को नागपुर केंद्रीय जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया।
वह पहले से नागपुर और मुंबई में साइबर फ्रॉड के मामलों में शामिल रहा है। अन्य आरोपी रोहित भगोरिया और तरुण की निशानदेही पर उसकी भूमिका सामने आई।

पुलिस की सख्त कार्रवाई

यह कार्रवाई एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) जितेंद्र सिंह और सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों को दबोचा। फिलहाल तीनों आरोपियों से पुलिस रिमांड में पूछताछ जारी है।

सावधान रहें, सतर्क रहें

पुलिस ने लोगों से अपील की है गारंटीड रिटर्न के झांसे में न आएं। अनजान लोगों या सोशल मीडिया ग्रुप से निवेश सलाह न लें। केवल SEBI रजिस्टर्ड प्लेटफॉर्म पर ही निवेश करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत हेल्पलाइन 1930 या साइबर सेल को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post