दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुरैना। शहर के बिहारी जी मंदिर के पास स्थित एक ज्वैलर्स दुकान में सोने के पैंडल चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सराफा बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, तीन महिलाएं अक्सा ज्वेलर्स पर सोने के पैंडल खरीदने के बहाने पहुंचीं। दुकान के कर्मचारी अजरूद्दीन ने उन्हें अलग-अलग डिजाइन के पैंडल दिखाए। इसी दौरान महिलाओं ने चालाकी से तीन पैंडल अपने पर्स में छिपा लिए।
जब महिलाएं बिना खरीदारी किए जाने लगीं, तो कर्मचारी ने गहनों की गिनती की। गिनती में तीन पैंडल कम पाए जाने पर शक हुआ और महिलाओं को रोक लिया गया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची महिला पुलिस ने तीनों महिलाओं की तलाशी ली, जिसमें उनके पर्स से चोरी किए गए सोने के पैंडल बरामद हो गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं में काजल नागर (28) और सीमा नागर (40) निवासी आगरा (उत्तर प्रदेश) तथा मुन्नी देवी (35) निवासी मुरैना शामिल हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि तीनों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
Tags
madhya pradesh
.jpeg)