MP News: युवक की मौत के बाद सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) बैतूल। जिले के शाहपुर क्षेत्र में एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। मंगलवार रात तक चले इस विरोध के कारण इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। 

जानकारी के अनुसार ग्राम सुहागपुर ढाना निवासी 22 वर्षीय देवेश वर्मा उर्फ गौतम 13 मार्च को जामपानी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। यहां पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट तक पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद देवेश घर लौटा और आक्रोश में आकर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। इस घटना में वह करीब 80–90 प्रतिशत तक झुलस गया। गंभीर हालत में उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। देवेश मंडीदीप की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और होली की छुट्टी पर गांव आया हुआ था।

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया, तो परिजन शाहपुर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। उन्होंने घटना में शामिल चार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही एसडीएम प्रांजल आर., तहसीलदार और थाना प्रभारी अरविंद कुमरे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

थाना प्रभारी के अनुसार भोपाल से मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post