दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लीज नवीनीकरण के नाम पर रिश्वत लेने वाले एक आउटसोर्स डेटा एंट्री ऑपरेटर को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी 10 हजार रुपए की मांग कर रहा था और पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपए लेते ही धर दबोचा गया।
मंगलवार को जवाहर चौक स्थित मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के कार्यालय में यह ट्रैप कार्रवाई की गई। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार सुल्तानाबाद निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी दूधनाथ शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि वर्ष 1993 में उन्होंने पत्नी के नाम से कोटरा सुल्तानाबाद स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में ईडब्ल्यूएस श्रेणी का मकान लिया था। मकान की लीज नवीनीकरण प्रक्रिया के दौरान संपदा शाखा में कार्यरत आउटसोर्स डेटा एंट्री ऑपरेटर ज्ञानेंद्र कुमार पटेल ने काम कराने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।
लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन कराया, जो सही पाई गई। इसके बाद ट्रैप योजना बनाकर आवेदक से 5 हजार रुपए दिलवाए गए। जैसे ही आरोपी ने अपने कार्यालय कक्ष में राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त के निर्देश पर और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
