रोड एक्सीडेंट में बीजेपी नेता समेत 3 की मौत: उज्जैन-नागदा मार्ग पर कार-ट्रक की भीषण टक्कर, एक घायल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) उज्जैन। उज्जैन-नागदा मार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। यह दुर्घटना उन्हेल टोल नाके से करीब 5 किलोमीटर पहले सुबह लगभग 10:30 बजे हुई, जब तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और आयशर ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे बैठे दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल उज्जैन के ग्लोबल और अवंति अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सुरेश नवलानी ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। सुरेश नवलानी सिंधी कॉलोनी के निवासी थे और अपने परिवार में सबसे बड़े भाई थे। हादसे में देवेंद्र जोशी और भाजपा नेता कैलाश (रिंकू) शर्मा की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, जबकि प्रवेश मारोठिया का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सभी लोग सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे।

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कई वाहन खड़े थे, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आ रहा था। ऐसे में एक राहगीर इंजीनियर नंद कुमार मिश्रा ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई और एक युवक को सीपीआर भी दिया, हालांकि उसकी जान नहीं बच सकी। दो शव एम्बुलेंस से भेजे गए, जबकि एक घायल को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार हादसा भेरूगढ़ थाना क्षेत्र के गोयला बुजुर्ग गांव के पास हुआ। आयशर ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post