Jabalpur News: होली के बाद घर लौटना मुश्किल, जबलपुर से प्रमुख शहरों की ट्रेनों में लंबी वेटिंग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। होली का त्योहार समाप्त होते ही अब लोगों का अपने कार्यस्थलों पर लौटना शुरू हो गया है। इसी वजह से जबलपुर से दिल्ली, इंदौर, जयपुर और अहमदाबाद जाने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हालत यह है कि अगले पांच दिनों तक इन शहरों के लिए कन्फर्म टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो गया है।

सबसे अधिक भीड़ दिल्ली और इंदौर जाने वाली ट्रेनों में है। तत्काल कोटे में भी लंबी प्रतीक्षा सूची बन रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने दिल्ली, दानापुर, कोटा और अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेनें भी चलाई हैं, लेकिन इसके बावजूद ट्रेनों में दबाव कम नहीं हो पा रहा है।

लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें फुल

जबलपुर से मुंबई, पुणे, हैदराबाद और बेंगलुरू जाने वाली नियमित ट्रेनों में भी एक सप्ताह तक सीटें उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में कई यात्री कन्फर्म टिकट न मिलने पर बसों का सहारा ले रहे हैं। खासकर पुणे, इंदौर, हैदराबाद और अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों की संख्या बस स्टैंड पर भी बढ़ गई है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।

स्टेशन पर यात्रियों की भीड़, सुरक्षा बढ़ाई

रविवार को आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में यात्री जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। लंबी दूरी की ट्रेनों में सवार होने के लिए स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। भीड़ को देखते हुए रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

स्टेशन के प्रवेश द्वार पर होमगार्ड के जवान भी तैनात रहे और यात्रियों के सामान की जांच की गई। ट्रेन के प्रस्थान से लगभग एक घंटे पहले ही यात्रियों को प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया गया। जो यात्री समय से काफी पहले स्टेशन पहुंच गए थे, उन्हें होल्डिंग एरिया में ठहराया गया।

प्रमुख ट्रेनों में टिकट की स्थिति

गोंडवाना सुपरफास्ट, श्रीधाम और महाकोशल एक्सप्रेस में दिल्ली के लिए एक सप्ताह तक वेटिंग चल रही है।

जबलपुर–वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस में अहमदाबाद के लिए किसी भी श्रेणी में कन्फर्म टिकट नहीं है।

ओवरनाइट और नर्मदा एक्सप्रेस में इंदौर के लिए सभी श्रेणियों में प्रतीक्षा सूची है।

जबलपुर–अजमेर दयोदय एक्सप्रेस में जयपुर के लिए कई दिनों तक कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हैं।

जबलपुर–लखनऊ चित्रकूट एक्सप्रेस में लखनऊ के लिए टिकट अगले दिन तक वेटिंग में है।

भोपाल–दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस में एक सप्ताह तक स्लीपर से एसी तक सभी श्रेणियों में प्रतीक्षा सूची है।

साप्ताहिक ट्रेनों में भी भीड़

साप्ताहिक ट्रेनों में भी स्थिति अलग नहीं है। मंगलवार को जाने वाली जबलपुर–श्री माता वैष्णोदेवी एक्सप्रेस में स्लीपर में वेटिंग 100 से अधिक और थर्ड एसी में 50 के पार पहुंच चुकी है। वहीं रविवार को चलने वाली जबलपुर–पुणे स्पेशल ट्रेन पूरी तरह फुल रही और उसके अगले फेरे में भी टिकट अभी से वेटिंग में पहुंच गए हैं।

स्पेशल ट्रेनों की स्थिति

रेलवे जोन की स्पेशल ट्रेनों में भी टिकट तेजी से बुक हो रहे हैं।

सोमवार को जाने वाली जबलपुर–निजामुद्दीन (01701) ट्रेन के स्लीपर में वेटिंग, सेकेंड एसी में आरएसी और थर्ड एसी में कुछ सीटें खाली हैं।

दानापुर–सोगरिया (09822) ट्रेन के स्लीपर और थर्ड एसी इकोनॉमी लगभग फुल हैं, जबकि सेकेंड एसी में कुछ सीटें शेष हैं।

मंगलवार को चलने वाली जबलपुर–अयोध्या (01705) ट्रेन के स्लीपर और सेकेंड एसी में वेटिंग है, जबकि थर्ड एसी में कुछ कन्फर्म सीटें उपलब्ध हैं।

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन अतिरिक्त ट्रेनों और कोच बढ़ाने पर विचार कर रहा है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post