Jabalpur News: बेलबाग में चले चाकू, रंगदारी न देना युवक को पड़ा भारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र में रंगपंचमी की रात एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। तीन बदमाशों ने घर में घुसकर युवक से मारपीट की और चाकू से हमला कर घायल कर दिया। 

पुलिस के अनुसार आशीष सोनी (38) निवासी शांतिनगर ने शिकायत दर्ज कराई कि वह मन्नूलाल अस्पताल के पास दुकान चलाता है। उसकी पत्नी आरती सोनी बेलबाग तिराहा के पास पारो बाई के बाड़े में रहती है। रंगपंचमी के चलते वह बीती रात करीब 9 बजे पत्नी से मिलने वहां गया था और घर के अंदर बातचीत कर रहा था।

इसी दौरान पारो बाई के बाड़े में रहने वाले लक्ष्य सोनी, दीपक और सागर घर में घुस आए और उससे शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगे। जब उसने पैसे देने से मना किया तो तीनों गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित ने बताया कि इसी दौरान लक्ष्य सोनी ने चाकू से हमला कर उसके बाएं गाल और हाथ में चोट पहुंचा दी। इसके बाद तीनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 333, 119(1), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post