Jabalpur News: सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ और भ्रामक वीडियो पोस्ट कर सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वाले आरोपी को सिहोरा पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फर्जी वीडियो पोस्ट कर क्षेत्र में अशांति फैलाने का प्रयास किया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 मार्च 2026 को शिवम कुमार श्रीवास (24) निवासी चौपड़ा ने थाना सिहोरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा किसी अन्य स्थान का वीडियो “सिहोरा में फिर शुरू हुई लड़ाई” शीर्षक से पोस्ट कर वायरल किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव भड़काने का प्रयास किया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(डी) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इंस्टाग्राम आईडी के धारक की पहचान अजय सिंह राजपूत (19) पिता अनिल सिंह राजपूत निवासी ग्राम पटना रोड थाना बहोरीबंद जिला कटनी के रूप में हुई। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय सिहोरा में पेश किया गया।

पुलिस की अपील

जबलपुर पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या गलत जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट या साझा न करें। ऐसा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को, आरक्षक नीरज चौरसिया, देवराज कौरव, आकाश सोनकर तथा सोशल मीडिया सेल के आरक्षक अभय सिंह, शुभम, अमरीश और महिला आरक्षक सुलेखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post