दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में होली के चंदा संग्रह के दौरान हुए विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी में हुई मारपीट के बाद घायल 19 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मद्रासी लाइन, बापू नगर निवासी सीताराम रैकवार (45) ने सूचना दी कि 1 मार्च की रात करीब 8:30 बजे उनका बेटा मनीष रैकवार पड़ोस के बच्चों के साथ होली का चंदा इकट्ठा कर रहा था। इसी दौरान दुर्गा मंदिर के पास पीछे की गली में रहने वाले दो युवकों से उसका विवाद हो गया।
परिजनों के मुताबिक, झगड़े के दौरान एक युवक ने मनीष को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। घर पहुंचने पर मनीष ने घटना की जानकारी दी। सिर पर सूजन होने के कारण परिवार ने बर्फ से सिकाई कर दवा दे दी और चोट को सामान्य समझा।
अचानक बिगड़ी हालत, ऑपरेशन के बाद भी नहीं बची जान
घटना के बाद से मनीष को लगातार सिर दर्द की शिकायत थी। 10 मार्च की रात करीब 9 बजे वह अचानक बेहोश हो गया, जिसके बाद परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच में गंभीर चोट सामने आने पर उसके सिर का ऑपरेशन किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
शनिवार सुबह करीब 7 बजे उपचार के दौरान मनीष ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Tags
jabalpur
