Jabalpur News: शिवनगर में चले चाकू, बीच-बचाव करने वाले समेत दो घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में एक युवक की उंगलियां घायल हो गईं, जबकि बीच-बचाव करने वाले के साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस के अनुसार तुलसीनगर विजयनगर निवासी 48 वर्षीय संतोष कहार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मजदूरी करता है। शाम करीब 5:30 बजे वह अपने साथियों विशाल गुप्ता और विक्रम गुप्ता के साथ शिवनगर मेन रोड स्थित भवानी होटल के पास खड़ा था।

इसी दौरान चंडालभाटा निवासी मुडिया अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और विशाल गुप्ता से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे।

रिपोर्ट के मुताबिक संतोष कहार बीच-बचाव करने लगा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान मुडिया ने विशाल गुप्ता पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। विशाल ने बचाव में चाकू पकड़ लिया, जिससे उसके दाहिने हाथ की तीन उंगलियों में गंभीर चोट आई।

हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 119(1), 109(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post