MP News: रतलाम में दशा माता पूजा के दौरान चेन स्नेचिंग, महाराष्ट्र की 4 महिलाएं गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रतलाम। रतलाम शहर में दशा माता पूजा के दौरान एक वृद्धा के गले से सोने की चेन चोरी करने वाली अंतरराज्यीय महिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने महाराष्ट्र के जलगांव की रहने वाली चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में इंदौर में रह रही थीं। आरोपियों के साथ एक कार चालक, एक नाबालिग और एक छोटा बच्चा भी मिला है।

मंदिर में पूजा के दौरान वारदात

घटना हरदेवलाला पिपली क्षेत्र स्थित भैरव मंदिर की है, जहां शुक्रवार को पूजा के दौरान 74 वर्षीय सावित्री देवी माहेश्वरी के गले से करीब तीन तोले सोने की चेन चोरी हो गई। चेन का पेंडल साड़ी में अटका मिला, जिससे चोरी का पता चला।

वृद्धा की बहू ने बताया कि पूजा के समय चार अज्ञात महिलाएं उनके आसपास खड़ी थीं, जो स्थानीय नहीं लग रही थीं। बाद में वही महिलाएं मैजिक वाहन में बैठते हुए दिखाई दीं।

सीसीटीवी से खुला पूरा खेल

सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर भर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में महिलाएं मैजिक वाहन से उतरने के बाद लगातार अलग-अलग स्थानों पर ऑटो बदलती नजर आईं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हरदेवलाला पिपली से निकलकर चांदनी चौक, हाट की चौकी, महू रोड बस स्टैंड और प्रताप नगर ब्रिज क्षेत्र में कुल चार बार ऑटो बदले, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

किराए की कार से आए, धार में पकड़े गए

ऑटो बदलने के बाद महिलाएं महू रोड मंडी क्षेत्र से एक कार में बैठकर इंदौर की ओर रवाना हो गईं। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर पीछा करते हुए धार जिले के धामनोद के पास चारों महिलाओं और कार चालक को पकड़ लिया। कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस कार चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।

शक से बचने के लिए बच्चों को रखा साथ

पुलिस के मुताबिक गिरोह बच्चों को साथ रखता था ताकि लोगों को उन पर शक न हो। गिरफ्तार आरोपियों के साथ एक नाबालिग और एक छोटा बच्चा भी मिला है। सभी आरोपी महाराष्ट्र के जलगांव की रहने वाली हैं और इंदौर के परदेशीपुरा क्षेत्र में किराए से रह रही थीं।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार 

गिरफ्तार आरोपियों में अलका (35) — जलगांव वर्तमान निवास परदेशीपुरा इंदौर, जयश्री (30) — बुलढाणा, वर्तमान निवास परदेशीपुरा इंदौर, सुषमा (27) — जलगांव वर्तमान निवास परदेशीपुरा इंदौर, पूजा (27) — परदेशीपुरा इंदौर, कमल राजोरिया (42) — कार चालक, हातोद जिला इंदौर और 16 वर्षीय नाबालिग शामिल है ।

रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ

पुलिस सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह ने अन्य शहरों में भी ऐसी वारदातें की हैं या नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post