दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एमआईजी थाना क्षेत्र के तीन आदतन बदमाशों को जिलाबदर कर दिया है। कार्रवाई के बाद पुलिस टीम आरोपियों के मोहल्लों में पहुंची और लाउडस्पीकर से मुनादी कराकर लोगों को आदेश की जानकारी दी।
थाना प्रभारी सी.बी. सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले तीन चिन्हित बदमाशों के खिलाफ विस्तृत आपराधिक रिकॉर्ड तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया था। रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने जिलाबदर के आदेश जारी किए।
ये आरोपी हुए जिलाबदर
कार्रवाई के तहत नरसिंह की चाल निवासी सुदीप उर्फ सुमित मिश्रा, कृष्णबाग कॉलोनी निवासी साजिद खान (28) और पाटनीपुरा निवासी अतीत बौरासी (29) को जिले से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
3 से 6 महीने तक जिले की सीमा में प्रवेश पर रोक
आदेश के अनुसार सुदीप मिश्रा और अतीत बौरासी को 6 महीने के लिए तथा साजिद खान को 3 महीने के लिए इंदौर जिले के साथ-साथ आसपास के सीमावर्ती जिलों — उज्जैन, देवास, धार और खरगौन — की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने को कहा गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को आदेश तामील कराने के बाद उनके क्षेत्रों में मुनादी कराई, ताकि स्थानीय लोगों को जानकारी मिल सके और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
Tags
madhya pradesh
