MP News: बेटे के सामने थ्रेसर में फंसे किसान की दर्दनाक मौत, गेहूं निकालते समय हुआ हादसा, मशीन खोलकर निकाले गए शव के टुकड़े

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) आगर। पिपलिया चाचा गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गेहूं की फसल निकालते समय थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से 60 वर्षीय किसान मांगी लाल भुवान सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उनके बेटे और परिजनों के सामने हुआ।

मशीन में समा गया आधा शरीर

घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। मांगी लाल अपने खेत में परिवार के साथ गेहूं निकाल रहे थे, तभी अचानक उनका हाथ थ्रेसर मशीन में फंस गया। मशीन की तेज गति के कारण कुछ ही सेकंड में उनका आधा शरीर अंदर खिंच गया। उनकी चीख सुनकर बेटे दरबार सिंह सहित परिजन दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

शव निकालने के लिए खोलनी पड़ी पूरी मशीन

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। बीजानगरी पुलिस चौकी की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। शव मशीन में बुरी तरह फंसा होने के कारण पूरी थ्रेसर मशीन को खोलना पड़ा। ग्रामीणों को शव के हिस्सों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post