छिंदवाड़ा में गैस वितरण के दौरान पुलिस तैनात: गोदामों पर लंबी कतारें, कॉफी हाउस में चूल्हे पर बन रहा नाश्ता

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) छिंदवाड़ा। जिले में एलपीजी गैस की किल्लत का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। शनिवार सुबह से ही शहर के गैस भंडार गृहों पर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गईं। बढ़ती भीड़ और संभावित विवाद को देखते हुए प्रशासन ने गैस वितरण केंद्रों पर पुलिस तैनात कर दी, जिसके बाद पुलिस की निगरानी में सिलेंडरों का वितरण कराया गया। 

प्रशासन का दावा है कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद सिंगल कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। नियमों के अनुसार 25 दिन पूरे होने के बाद ही बुकिंग का ओटीपी जारी होता है। ओटीपी आने के बाद नंबर लगने में भी लगभग एक सप्ताह का समय लग रहा है, जिससे कई घरों में खाना बनाने का संकट पैदा हो गया है। 

कॉफी हाउस में चूल्हे पर बन रहा नाश्ता

गैस की कमी का असर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी पड़ने लगा है। शहर के इंडियन कॉफी हाउस में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर सीमित होने के कारण चूल्हे पर नाश्ता तैयार किया जा रहा है। गैस की खपत कम करने के लिए एक साथ अधिक मात्रा में ऑर्डर बनाए जा रहे हैं, ताकि सभी ग्राहकों को समय पर भोजन मिल सके। 

भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने संभाला मोर्चा

सुबह से बड़ी संख्या में लोग गैस लेने के लिए लाइन में लगे रहे। कुछ स्थानों पर भीड़ के कारण हल्की नोकझोंक की स्थिति भी बनी। हालात बिगड़ने से पहले ही पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया और शांतिपूर्वक वितरण सुनिश्चित कराया।

प्रशासन की अपील

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें। प्रशासन के अनुसार जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post