दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक को गंभीर अवस्था में शासकीय अस्पताल रांझी में भर्ती कराया गया, जहां से पुलिस को घटना की सूचना मिली।
पुलिस के अनुसार घायल अजय कोल (23) पिता किशन कुमार कोल, निवासी इन्द्रा नगर दुर्गा मंदिर के पास कुशवाहा कॉलोनी रांझी, पुट्टी-पुताई का काम करता है। अजय ने बताया कि वह अपने दोस्त रोशन कोल के घर मानेगांव रांझी गया था। वहां खाना-पीना करने के बाद दोनों गांधी चौक पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात करन कोल और उसके साथी बिल्लू कोल से हो गई।
बताया गया है कि पुरानी रंजिश के चलते करन और बिल्लू ने अजय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। अजय द्वारा विरोध करने पर बिल्लू कोल ने उसे पकड़ लिया, जबकि करन कोल ने हत्या की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अजय के सिर के पीछे, पेट और दाहिनी जांघ में गंभीर चोटें आईं।
घायल अजय किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा, लेकिन पास ही एक व्यक्ति के घर के सामने गिर पड़ा, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
