Jabalpur News: गालीगलौज से भड़का विवाद बना मौत का कारण, पनागर में हत्या का आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में गालीगलौज से नाराज होकर एक व्यक्ति की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय हल्लू कोल निवासी ग्राम छत्तरपुर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी मैकू कोल (30) ग्राम चरखी थाना पनागर का रहने वाला है।

तालाब किनारे मिला था शव

3 मार्च 2026 को ककरहाई रपटा तालाब के पास एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की बेटी भूरी कोल ने बताया कि उनके पिता खेत की रखवाली का काम करते थे और वहीं बनी झोपड़ी में रहते थे। सूचना मिलने पर पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हत्या (हॉमिसाइड) पाया गया, जिसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आखिरी बार आरोपी के साथ देखा गया था

जांच के दौरान पता चला कि घटना से एक रात पहले हल्लू कोल आरोपी मैकू कोल के साथ शराब पी रहा था और दोनों साथ-साथ झोपड़ी की ओर गए थे। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर मैकू कोल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

गालीगलौज से भड़का गुस्सा

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों ने पहले एक महिला की झोपड़ी पर शराब पी, फिर एक बोतल लेकर वापस लौटे। रास्ते में तालाब के रपटे पर बैठकर शराब पीने के बाद मृतक ने गालीगलौज शुरू कर दी।

आरोपी ने पहले बुजुर्ग समझकर विरोध नहीं किया और उसे झोपड़ी तक छोड़ने लगा, लेकिन वहां भी गाली देने पर वह गुस्से में आ गया। उसने धक्का दिया, जिससे हल्लू कोल पत्थर पर गिरकर घायल हो गया। बार-बार उठने की कोशिश करने पर आरोपी ने दो-तीन बार और धक्का दिया।

इसके बावजूद गाली देना बंद न करने पर आरोपी ने पास पड़ी लकड़ी उठाकर सिर पर कई वार किए, जिससे हल्लू कोल की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद

घटना के बाद आरोपी ने लाठी को झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खून से सना लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post