दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के सिहोरा क्षेत्र में आज शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में टाटा सूमो के अंदर सो रहे व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि पास स्थित एक दुकान भी उसकी चपेट में आकर जलकर खाक हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मच्छरों से बचने के लिए जलाई गई मच्छर अगरबत्ती (कॉइल) से वाहन के अंदर रखे ज्वलनशील कचरे में आग भड़क गई। गाड़ी काफी पुरानी बताई जा रही है और उसमें बड़ी मात्रा में पन्नियां तथा अन्य ज्वलनशील सामान भरा हुआ था।
वर्षों से गाड़ी में ही रह रहा था मृतक
घटना सिहोरा के वार्ड नंबर-3 की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक लावारिस था और कई वर्षों से इलाके में खड़ी उसी पुरानी टाटा सूमो में रह रहा था। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है तथा आसपास से कचरा और प्लास्टिक इकट्ठा कर गाड़ी में रखता था।
लोगों ने बताया कि वह अक्सर वाहन के पास ही खाना बनाता और रात में उसी के अंदर सो जाता था।
कचरे में आग फैलते ही फंस गया अंदर
गाड़ी के अंदर मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। जब तक व्यक्ति बाहर निकलने की कोशिश करता, तब तक पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर चुकी थी। दम घुटने और गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने किया बचाव का प्रयास
आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देखकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कई लोगों ने स्वयं भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान नहीं हो सकी
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags
jabalpur
