दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। ग्वालियर हाईकोर्ट ने विजयपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य घोषित कर दिया है। अदालत ने पाया कि उपचुनाव के दौरान दाखिल किए गए नामांकन पत्र में उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की पूरी जानकारी नहीं दी थी।
दरअसल, इस मामले में बीजेपी प्रत्याशी और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि मुकेश मल्होत्रा ने अपने खिलाफ दर्ज सभी आपराधिक मामलों का खुलासा नहीं किया और नामांकन पत्र में तथ्य छिपाए।
याचिका में बताया गया कि मुकेश मल्होत्रा के खिलाफ कुल 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज थे, लेकिन नामांकन पत्र में उन्होंने केवल 2 मामलों का ही उल्लेख किया। अदालत ने इसे चुनावी नियमों का उल्लंघन मानते हुए उनके निर्वाचन को अमान्य घोषित कर दिया।
उपचुनाव में 7 हजार वोटों से मिली थी जीत
गौरतलब है कि 23 नवंबर 2024 को आए उपचुनाव परिणाम में कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश मल्होत्रा ने बीजेपी के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत को करीब 7 हजार वोटों से हराया था। इस हार के बाद रामनिवास रावत ने चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
Tags
madhya pradesh
