MP News: रंगपंचमी गेर में धमाका, सीएम के मंच से 15 फीट दूर फटा ‘चाइना पटाखा’, 8 घायल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) उज्जैन। रंगपंचमी के अवसर पर उज्जैन में आयोजित श्रीकृष्ण-सुदामा रंगोत्सव गेर के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। सिंधी कॉलोनी चौराहा के पास आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जिस मंच पर मौजूद थे, उससे महज करीब 15 फीट दूरी पर जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात बन गए, जिसमें एक मीडियाकर्मी और भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित 8 लोग घायल हो गए।

भीड़ के बीच सड़क के डिवाइडर के पास फटा पटाखा

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे सिंधी कॉलोनी चौराहा के पास श्रीकृष्ण-सुदामा गेर की शुरुआत होने वाली थी। रंग-गुलाल खेलने के लिए हजारों लोग वहां मौजूद थे। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल के पास सड़क के डिवाइडर के पास रखे कलर स्मोक स्काई शॉट पटाखे में तेज धमाका हो गया।
धमाका इतना तेज था कि कुछ पल के लिए चारों ओर धुआं फैल गया और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। कई लोग गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

कपड़ों में लगी आग, लोग भागते नजर आए

घायल मीडियाकर्मी प्रशांत यादव ने बताया कि धमाके के बाद कुछ लोगों के कपड़ों में आग लग गई, जिन्हें बुझाने के लिए लोग भागते और कपड़े उतारते नजर आए। धुएं के कारण कुछ देर तक कुछ दिखाई भी नहीं दे रहा था।

8 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

इस हादसे में वीरेंद्र आंजना (भाजपा मंडल अध्यक्ष), रघुवीर सिंह गोयल, राजेंद्र भाटिया, देवेंद्र चौहान, जितेंद्र कीर, आशीष धोलपुरे, प्रशांत यादव और गोपाल जाट घायल हुए हैं।
इनमें से राजेंद्र भाटिया और वीरेंद्र आंजना के हाथ, पेट और चेहरे झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

चाइना मेड मल्टी शॉट फायरवर्क से हुआ धमाका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह धमाका चाइना मेड मल्टी शॉट फायरवर्क से हुआ। यह पटाखा आमतौर पर बड़े कार्यक्रमों और शादी समारोह में इस्तेमाल किया जाता है और इसे रिमोट से चलाया जाता है, जिसमें एक साथ 25 से 30 शॉट निकलते हैं।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान तीन मल्टी शॉट फायरवर्क एक साथ फट गए, जिससे तेज धमाका हुआ।

पुलिस ने तीन लोगों पर दर्ज किया केस

घटना के बाद पुलिस ने इवेंट से जुड़े मुजीब नागोरी, शाकिर नागोरी और शानवाज (निवासी शिकारी गली) के खिलाफ लापरवाही बरतने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
नीलगंगा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कलेक्टर और एसपी पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

नगर निगम ने निजी कंपनी को दिया था ठेका

बताया जा रहा है कि रंगोत्सव के आयोजन की जिम्मेदारी नगर निगम के पास थी, जिसने कार्यक्रम के लिए एक निजी कंपनी को ठेका दिया था। हालांकि एफआईआर में अभी तक कंपनी के किसी कर्मचारी का नाम शामिल नहीं किया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था के बीच पटाखा वहां तक कैसे पहुंचा।

Post a Comment

Previous Post Next Post