दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर में सोमवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। रीवा जिले का एक युवक बैग में पॉलीथिन में लिपटा भ्रूण लेकर हाईकोर्ट पहुंच गया। गेट नंबर-6 पर सुरक्षा जांच के दौरान जब सुरक्षाकर्मियों ने बैग की तलाशी ली तो उसमें भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पकड़कर सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम दयाशंकर पांडे बताया। वह रीवा जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र के नदना गांव का रहने वाला है। युवक का कहना है कि कुछ दिन पहले हुए हादसे के बाद उसकी पत्नी का गर्भपात हो गया था और उसी भ्रूण को वह दस्तावेजों के साथ हाईकोर्ट लेकर पहुंचा था।
1 मार्च को हुआ एक्सीडेंट, 8 मार्च को हुआ मिसकैरेज
दयाशंकर पांडे के मुताबिक 1 मार्च को वह अपनी पत्नी के साथ घर जा रहा था, तभी रास्ते में उनका एक्सीडेंट हो गया। हादसे में उसकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद 8 मार्च को पत्नी के गर्भ में पल रहे बच्चे का मिसकैरेज हो गया।
सोमवार को उसकी याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई निर्धारित थी। युवक का कहना है कि वह अपनी बात साबित करने के लिए दस्तावेजों के साथ भ्रूण भी बैग में रखकर कोर्ट पहुंचा था।
चुनाव लड़ने के बाद हमलों का लगाया आरोप
दयाशंकर पांडे ने आरोप लगाया कि उसने साल 2024 में विधानसभा और लोकसभा का निर्दलीय चुनाव लड़ा था। चुनाव हारने के बाद से उस पर और उसके परिवार पर कई बार हमले हुए। उसका दावा है कि पिछले कुछ वर्षों में 4 से 5 बार उसके परिवार को निशाना बनाया गया।
उसने बताया कि इन घटनाओं की शिकायत स्थानीय थाना पुलिस में भी की गई, लेकिन हर बार उससे सबूत मांगे गए और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आईजी और कमिश्नर को भी दिया था आवेदन
युवक का कहना है कि उसने इस मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से भी शिकायत की थी। आईजी और कमिश्नर को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन वहां से भी उसे कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद उसने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
राष्ट्रपति को पत्र लिखकर मांगी इच्छामृत्यु
दयाशंकर पांडे ने बताया कि लगातार हो रहे हमलों और कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर उसने राष्ट्रपति के नाम पत्र लिखकर इच्छामृत्यु की मांग भी की है।
पुलिस ने समझाइश देकर कराया भ्रूण का अंतिम संस्कार
सीएसपी सोनू कर्मी ने बताया कि हाईकोर्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पकड़कर सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले किया था। पुलिस ने युवक को समझाइश दी और उसकी मौजूदगी में करिया पाथर श्मशान घाट में भ्रूण को दफनाया गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने रीवा के बैकुंठपुर थाना पुलिस से भी संपर्क किया है। पुलिस ने युवक को भरोसा दिलाया है कि उसकी शिकायत पर आवश्यक मदद की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
