दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लमकना गांव में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और जमकर लाठी-डंडे चले। इस मारपीट में 2 महिलाओं सहित 5 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने लगे।
मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठियों से हमला करते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं।
घटना में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सिहोरा पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में चर्चा का विषय बनी घटना
गांव में खुलेआम हुई इस मारपीट और उसका वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस मामले में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Tags
jabalpur
