दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। होली पर्व एवं रमजान माह को दृष्टिगत रखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
शाम 6:30 बजे पैदल फ्लैग मार्च पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर घंटाघर, बड़ी ओमती चौक, भरतीपुर, छोटी ओमती, बेलबाग तिराहा, लकड़गंज, फूटाताल, सराफा चौक, कोतवाली थाना, राजा रसगुल्ला, हनुमानताल तालाब, घोड़ानक्कास, मछली मार्केट, बड़ा फुहारा, सुपरमार्केट, मालवीय चौक, करमचंद चौक होते हुए पुनः घंटाघर से कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुआ।
इसी क्रम में रात 8:30 बजे शासकीय वाहनों से दूसरा फ्लैग मार्च निकाला गया, जो कंट्रोल रूम से घंटाघर, तैयबअली चौक, नौदरा, तीनपत्ती चौक, यातायात तिराहा, रानीताल चौक, लेबर चौक, कछपुरा, गौतम मढ़िया, त्रिपुरी चौक, मदनमहल चौक, महानद्दा, छोटी लाइन फाटक, गोरखपुर बाजार, कटंगा, गणेश चौक, पेंटीनाका, मरियम चौक, इलाहाबाद चौक, पुल नंबर-1, मालगोदाम चौक, हाईकोर्ट चौक होते हुए कंट्रोल रूम पहुंचकर समाप्त हुआ।
दोनों फ्लैग मार्च में संबंधित नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, पुलिस लाइन का बल एवं आरएएफ के जवान शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने संस्कारधानी वासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि असामाजिक तत्वों या गुंडा-बदमाशों द्वारा किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
Tags
jabalpur
