Jabalpur News: रोल्स मेनिया का खाद्य पंजीयन निलंबित, फ्रीजर में मिला वेज-नॉनवेज मिश्रण

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के आकस्मिक निरीक्षण में अली मार्केट, होमसाइंस कॉलेज रोड स्थित रोल्स मेनिया में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद उसका खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे के अनुसार, निरीक्षण के दौरान इस प्रतिष्ठान में वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थ एक ही फ्रीजर में रखे हुए पाए गए। इसके अलावा, एक्सपायर्ड सॉस और स्क्वॉश का उपयोग खाद्य निर्माण में किया जा रहा था।

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि खाद्य कारोबार का पंजीयन मदनमहल में कराया गया था, जबकि वास्तविक संचालन शास्त्री ब्रिज के पास होमसाइंस कॉलेज रोड पर किया जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 31 के तहत, निलंबन अवधि के दौरान इस प्रतिष्ठान से किसी भी प्रकार के खाद्य कारोबार पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई लोक स्वास्थ्य की सुरक्षा और प्रतिष्ठान में पाई गई गंभीर अनियमितताओं को ध्यान में रखकर की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post