दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोराबाजार क्षेत्र में रविवार शाम एक मामूली सड़क हादसा देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। यहां कार सवार एक व्यक्ति ने ई-रिक्शा चालक की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम एक सफेद कार गोराबाजार इलाके से गुजर रही थी। सामने से बस आने पर कार चालक ने अचानक वाहन किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहा ई-रिक्शा कार से टकरा गया।
टक्कर होते ही कार चालक गाड़ी से उतरा और ई-रिक्शा चालक पर गुस्सा निकालने लगा।
माफी मांगता रहा चालक, फिर भी हुई पिटाई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा चालक लगातार माफी मांगते हुए कहता रहा कि उसकी कोई गलती नहीं है, लेकिन कार चालक ने उसकी एक नहीं सुनी और चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान ई-रिक्शा चालक के चेहरे पर चोट आई है।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह विवाद शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने रास्ते चले गए।
पुलिस बोली – शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई
मामला अभी तक थाने नहीं पहुंचा है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त होती है, तो पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
