दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि की कार को पीछे से टक्कर मारने वाले युवक को रांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले 9 दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा था।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
20 फरवरी की रात करीब 11 बजे सुमित्रा वाल्मीकि अपनी कार (MP20-ZE-7788) से गनमैन और पीए के साथ अंधमूक बाइपास से रांझी स्थित अपने निवास जा रही थीं।
रात करीब साढ़े 11 बजे गोकलपुर के पास पीछे से आ रही एक सफेद कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
टक्कर के बाद बिगड़ी तबीयत
हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन टक्कर के बाद से सुमित्रा वाल्मीकि की तबीयत बिगड़ी हुई बताई जा रही है। उनके ड्राइवर विलास सेन की शिकायत पर रांझी थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।
40 सीसीटीवी खंगाले, फिर भी नंबर नहीं मिला
पुलिस ने गोकलपुर से रांझी तक करीब 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार का नंबर ट्रेस नहीं हो सका। हालांकि कार पर लगे “पुलिस” लिखे स्टीकर ने पुलिस को अहम सुराग दिया।
घर पर छिपाकर रखी थी कार
रविवार शाम सूचना मिली कि मनमोहन नगर रांझी बड़ा पत्थर के पास एक सफेद कार खड़ी है, जिस पर पुलिस का स्टीकर लगा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को जब्त किया।
आरोपी की पहचान मनीष धनधारिया के रूप में
पूछताछ में पता चला कि कार का मालिक मनीष धनधारिया है, जो प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। उसने बताया कि वह 20 फरवरी की रात सीनियर स्टाफ क्लब की पार्टी से लौट रहा था, तभी गोकलपुर के पास उसकी कार की टक्कर राज्यसभा सदस्य की गाड़ी से हो गई थी। डर के कारण वह घर चला गया और कार को ढककर छिपा दिया।
पिता SAF में हेड कॉन्स्टेबल, आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि आरोपी के पिता एसएएफ बटालियन में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर पदस्थ हैं। जांच में सामने आया कि मनीष का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
पुलिस ने कार को किया जब्त
पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर सीएसपी और थाना प्रभारी को आरोपी को जल्द पकड़ने के आदेश दिए गए थे।
