Jabalpur News: सड़क धंसने पर बड़ी कार्रवाई, कंपनी पर ₹5 लाख का जुर्माना

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में निर्माण कार्यों में लापरवाही पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बंदरिया तिराहे से गौरीघाट रोड के बीच दो महीने पहले बनी सड़क के धंसने के मामले में संबंधित कंपनी पर ₹5 लाख का जुर्माना लगाया गया है।

निरीक्षण के बाद कार्रवाई

सोशल मीडिया पर सड़क धंसने का वीडियो वायरल होने के बाद निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने मौके पर पहुंचकर रेत नाका से बंदरिया तिराहा तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को तुरंत पैचवर्क कर ठीक कराया गया।

गुणवत्ता में कमी, देरी पर दंड

जांच में री-स्टोरेशन कार्यों में देरी और गुणवत्ता की कमी सामने आने पर कार्यदायी संस्था ईगल पी सी स्नेहल कंपनी पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा कार्यों की निगरानी में लापरवाही बरतने पर आरबी कंसल्टेंट और संबंधित उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post