दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुराचार का मामला सामने आया है। गर्भवती होने के बाद जब युवती ने शादी की बात कही, तो आरोपी युवक मुकर गया और उसे धमकाने लगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी में हुई थी पहचान, फिर बढ़े संबंध
पुलिस के अनुसार बीए फाइनल की छात्रा की मुलाकात एक शादी समारोह के दौरान रंजीत कुशवाहा से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो आगे चलकर प्रेम संबंधों में बदल गई।
आरोप है कि 6 अक्टूबर 2025 की रात आरोपी ने युवती को घर के पास गौशाला में बुलाया और शादी का वादा किया। इसके बाद उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए, जिससे युवती गर्भवती हो गई।
गर्भवती होने पर शादी से किया इंकार
जब युवती ने गर्भवती होने की जानकारी देकर शादी की बात कही, तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने गर्भपात कराने का दबाव बनाते हुए धमकियां भी दीं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की शिकायत पर खमरिया थाना पुलिस ने आरोपी रंजीत कुशवाहा निवासी पिपरिया के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 351(2) सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
Tags
jabalpur
