MP News: गुना रिश्वत कांड में बड़ा खुलासा, 20 लाख लेने के बाद अगले दिन लौटी गुजरात की कार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) गुना। रूठियाई चौकी क्षेत्र में 1 करोड़ रुपए की नकदी और 20 लाख रुपए रिश्वत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। टोल नाके की डिटेल से पता चला है कि रिश्वत के पैसे लौटाने के लिए गुजरात की कार अगले ही दिन दोबारा गुना आई थी।

5 घंटे तक गुना में रही कार

नेशनल हाईवे-46 स्थित पगारा टोल नाके की जानकारी के अनुसार, गुजरात नंबर (GJ 05 RK 9351) की कार 20 मार्च को शाम 4:15 बजे गुना क्षेत्र में दाखिल हुई और रात 9:29 बजे वापस निकल गई। यानी यह गाड़ी करीब 5 घंटे तक गुना और रूठियाई इलाके में मौजूद रही।

टोल रिकॉर्ड से इस बात की पुष्टि हुई है कि गाड़ी दो बार टोल से गुजरी, जिससे यह आशंका मजबूत हो गई है कि पुलिसकर्मियों ने पैसे वापस लेने के लिए उन्हें बुलाया था।

पुलिसकर्मियों ने कबूली रिश्वत लेने की बात

सूत्रों के मुताबिक, निलंबित चारों पुलिसकर्मियों ने जांच अधिकारियों के सामने यह स्वीकार किया है कि चेकिंग के दौरान गाड़ी में कैश मिला था और उन्होंने पैसे लिए थे।

इस कबूलनामे के बाद यह सवाल उठ रहा है कि इतनी बड़ी राशि मिलने के बावजूद वरिष्ठ अधिकारियों और आयकर विभाग को इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई।

 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, जांच जारी

मामले में धरनावदा थाना प्रभारी एसआई प्रभात कटारे, एएसआई साजिद हुसैन, प्रधान आरक्षक देवेंद्र सिंह सिकरवार और आरक्षक सुंदर रमन को सस्पेंड किया गया है। पूरे मामले की जांच प्रशिक्षु आईपीएस आयुष जाखड़ कर रहे हैं।

एसपी पर भी गिरी गाज, नई एसपी ने संभाला पदभार


मामले में लापरवाही के चलते पूर्व एसपी अंकित सोनी को हटा दिया गया है। उनकी जगह हितिका वासल को गुना का नया एसपी बनाया गया है, जिन्होंने सोमवार शाम पदभार संभाल लिया।
सख्त रुख में सरकार

डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई को सरकार की सख्त कार्यशैली के रूप में देखा जा रहा है। उनके कार्यकाल में अब तक कई आईएएस और आईपीएस अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post