Jabalpur News: गुरंदी बाजार में अगरबत्ती दुकान में लगी भीषण आग, 15 लाख का सामान जलकर खाक

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के प्रसिद्ध गुरंदी बाजार में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक पूजन सामग्री की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 1:30 बजे अचानक दुकान से उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।

देखते ही देखते विकराल हुई आग

दुकान संचालक के बेटे सत्यम चौकसे के अनुसार, उन्हें देर रात दोस्तों का फोन आया कि उनकी दुकान में आग लग गई है। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। नवरात्रि के चलते दुकान में बड़ी मात्रा में अगरबत्ती और नारियल की रस्सी का स्टॉक रखा हुआ था, जो आग के लिए ईंधन का काम बना और लपटें तेजी से फैलती चली गईं।

बिजली बंद न होने से दमकल को करना पड़ा इंतजार


सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन बिजली सप्लाई बंद नहीं होने के कारण दमकल कर्मियों को करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस देरी के चलते आग ने और भी भयानक रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

5 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद दमकल की पांच गाड़ियों ने लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

कारण अज्ञात, जांच में जुटा प्रशासन


इस अग्निकांड में दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 15 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो पूरा बाजार इसकी चपेट में आ सकता था, जिससे नुकसान और भी भयावह हो सकता था।

Post a Comment

Previous Post Next Post