Jabalpur News: ईद-उल-फित्र पर अमन और भाईचारे का पैगाम, मुफ्ती-ए-आजम बोले - हमें सिर्फ अपने मुल्क के बारे में सोचना है

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रमजान के मुकद्दस महीने की रुख्सती के साथ जबलपुर में ईद-उल-फित्र का पर्व पूरे उल्लास, श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर की सभी ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में तय समय पर नमाज अदा की गई, जहां हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने अमन, शांति और देश की तरक्की के लिए दुआएं मांगीं।

रानीताल स्थित ईदगाह कलां में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना डॉ. मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी ने अपने संबोधन में कहा कि हमें सबसे पहले अपने मुल्क के बारे में सोचना चाहिए और उसकी तरक्की, अमन-चैन के लिए दुआ करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध उनके अपने मसले हैं, लेकिन हमें अपने देश में भाईचारा बनाए रखना चाहिए।

ईदगाहों में अकीदत के साथ अदा हुई नमाज

मुफ्ती-ए-आजम के ऐलान के अनुसार शहर की सभी ईदगाहों में नमाज अदा की गई। रानीताल ईदगाह में हजारों नमाजियों ने एक साथ नमाज पढ़ी और देश की खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। सुबह करीब 10:30 बजे नायब मुफ्ती सूफी जियाउल हक कादरी बुरहानी ने नमाज अदा कराई, जबकि मौलाना इनामुल हक कादरी भी मौजूद रहे।

गोहलपुर स्थित मोमिन ईदगाह में सुबह 8:30 बजे हाफिज मोहम्मद ताहिर साहब की इमामत में नमाज हुई। सदर ईदगाह में 9 बजे हाफिज कारी सुल्तान अशरफी और गढ़ा ईदगाह में 10 बजे हाफिज कारी मौलाना अमीर अशरफ ने नमाज अदा कराई। सभी स्थानों पर नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।

मुल्क की तरक्की और अमन-चैन की दुआ


अपने संबोधन में मुफ्ती-ए-आजम ने कहा कि इस्लाम इंसान को सही तरीके से जीने की राह दिखाता है। उन्होंने मुसलमानों से शिक्षा पर जोर देने, बच्चों को मोबाइल से दूर रखने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश का मुसलमान हमेशा हुकूमत के साथ है और देश की उन्नति में अपना योगदान देता रहेगा।

बाजारों में दिखी रौनक, प्रशासन रहा मुस्तैद

ईद के मौके पर शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। देर रात तक कपड़े, सेवइयां, मिठाइयों और इत्र की दुकानों पर खरीदारी का दौर चलता रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। एसपी सम्पत उपाध्याय ने स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जनप्रतिनिधियों ने दी ईद की मुबारकबाद


रानीताल ईदगाह में कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया, नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, अमरीश मिश्रा, यश घनघोरिया, अयोध्या तिवारी, संतोष दुबे सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंचे और मुस्लिम समाज को ईद-उल-फित्र की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post