दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुबराकला में मामूली विवाद के बाद सरपंच और उसके साथियों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
मामूली विवाद में खूनी संघर्ष
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह युवक अनुभव भूमिया की बाइक का सरपंच इंद्र कुमार चौधरी के बेटे ऋषिकांत चौधरी की स्कॉर्पियो से मामूली टकराव हो गया था। मौके पर विवाद शांत हो गया, लेकिन शाम होते-होते यह झगड़ा हिंसक रूप ले बैठा।
घर में घुसकर किया जानलेवा हमला
शाम करीब 4 बजे सरपंच इंद्र कुमार चौधरी, उसका बेटा ऋषिकांत और 10-12 साथी हथियारों से लैस होकर अनुभव के घर पहुंच गए। आरोपियों ने तलवार, फरसा और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया। युवक का हाथ तोड़ दिया गया, पिता और चाचा पर कुल्हाड़ी व तलवार से वार किया और घर की महिलाओं के साथ अभद्रता की।
घायलों में रामनरेश (46), रामनारायण (37), मानूबाई (62) और अनुभव शामिल हैं।
10-12 लाख की लूट का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने घर में रखे 10 से 12 लाख रुपये नकद और महिलाओं के मंगलसूत्र भी लूट लिए।
फायरिंग की कोशिश, महिला ने छीनी पिस्टल
घटना के दौरान सरपंच द्वारा फायरिंग की कोशिश की गई, लेकिन अनुभव की मां अभिलाषा ने साहस दिखाते हुए पिस्टल छीन ली। पुलिस ने मौके से हथियार जब्त कर लिया है।
आरोपी फरार, पुलिस पर उठे सवाल
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
एसडीओपी लोकेश डाबर के अनुसार, घायलों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
मामले को लेकर पूर्व विधायक संजय यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एफआईआर दर्ज करने में देरी की गई। बेलखेड़ा थाना प्रभारी और एसडीओपी के संरक्षण में अवैध काम फल-फूल रहे हैं। नदी से अवैध रेत निकाली जा रही है, घाट बने हुए हैं, पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। यही वजह है कि हाल ही में एसपी ने थाना प्रभारी बेलखेड़ा को सजा दी थी, इसके बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
गांव में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच के खिलाफ पहले भी कई विवाद सामने आ चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं।
Tags
jabalpur



