दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र में टिन्सी रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रक चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और पुराने डीजल चोरी के आरोपियों पर खास नजर रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सिवनी जिले के तिलगौड़ी निवासी 26 वर्षीय रोहित परते नागपुर से ट्रक क्रमांक एमएच 49 एटी 7397 में फ्लेक्स पाइप लेकर जा रहा था। रास्ते में ट्रक खराब हो जाने के कारण वह उसी में सो गया।
बताया जा रहा है कि तड़के करीब 3 बजे एक कार में सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और ट्रक के डीजल टैंक का ताला तोड़कर डीजल चोरी करने लगे। इस दौरान आवाज सुनकर रोहित जाग गया और उसने विरोध किया।
इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने रोहित पर हमला कर दिया और उसके सिर पर गंभीर वार किया। गंभीर रूप से घायल रोहित को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरगी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के बहनोई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur
