Jabalpur News: चर्च में आराधना के दौरान हंगामा, निलंबित प्राचार्य पर आरोप, एफआईआर की मांग लेकर ओमती थाने पहुंचे ईसाई समाज के लोग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के क्राइस्टचर्च गर्ल्स स्कूल परिसर में स्थित बड़े चर्च में रविवार सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब रविवारीय आराधना के दौरान एक निलंबित प्राचार्य पर कार्यक्रम में व्यवधान डालने का आरोप लगा। घटना के बाद आक्रोशित ईसाई समाज के लोग ओमती थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

बताया जा रहा है कि चर्च में महिला दिवस के अवसर पर महिला सम्मान का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान कथित तौर पर हंगामा होने से कार्यक्रम बाधित हो गया, जिससे समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई।

आराधना के दौरान पहुंचकर माइक छीना

ओमती थाना पुलिस के अनुसार चर्च के पदाधिकारियों ने शिकायत में बताया है कि रविवार सुबह चर्च में नियमित रविवारीय आराधना चल रही थी। इसी दौरान क्राइस्टचर्च बॉय स्कूल से निष्कासित प्राचार्य लेडली मैथ्यूज वहां पहुंच गए।

आरोप है कि उन्होंने चर्च के पवित्र स्थान में पहुंचकर माइक छीन लिया और बिना वजह बोलना शुरू कर दिया, जिससे आराधना में व्यवधान उत्पन्न हो गया।

मना करने पर धक्का-मुक्की और धमकी

चर्च के सदस्यों का कहना है कि जब उन्हें ऐसा करने से रोका गया तो उन्होंने चर्च के पदाधिकारियों और अन्य लोगों के साथ धक्का-मुक्की की और धमकी भी दी।

बताया गया है कि उस समय चर्च में महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसे भी हंगामे के कारण रोकना पड़ा।

महिलाओं के साथ अभद्रता का आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हंगामे के दौरान लेडली मैथ्यूज ने चर्च में मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।

इस घटना से नाराज ईसाई समाज के लोग एकजुट होकर ओमती थाना पहुंचे और लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

पुलिस ने शुरू की जांच

ओमती थाना पुलिस का कहना है कि चर्च के पदाधिकारियों द्वारा दिए गए शिकायती आवेदन के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post