MP News: नकुल नाथ के कार्यक्रम में सुनील जायसवाल और लाखन सिंह समर्थक भिड़े, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नरसिंहपुर। स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नकुल नाथ मौजूद थे।

जनपद मैदान कॉम्प्लेक्स के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में भाषण के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। लोधी समाज के नेता लाखन सिंह पटेल का भाषण लंबा होने पर आयोजकों ने उन्हें रोकने का संकेत दिया, जिससे समर्थक नाराज हो गए। देखते ही देखते बहस बढ़ी और मंच पर ही कार्यकर्ताओं के बीच गाली-गलौच और झूमाझपटी शुरू हो गई।

नकुल नाथ के उतरते ही फिर भड़का विवाद


कुछ समय के लिए मामला शांत हुआ, लेकिन जैसे ही नकुल नाथ मंच से नीचे उतरे, दोनों गुट फिर आमने-सामने आ गए। कपिल सिंह और पूर्व विधायक सुनील जायसवाल के बीच तीखी बहस ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गुटों को अलग कर हालात काबू में किए।
एएसपी संदीप भूरिया के मुताबिक, आपसी कहासुनी के चलते विवाद हुआ, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी इसे शेयर कर एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं, जिससे मामला और गरमा गया है।

नकुल नाथ ने सरकार पर साधा निशाना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नकुल नाथ ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि किसान, युवा और महिलाएं सभी परेशान हैं। उन्होंने किसानों को समर्थन मूल्य, महिलाओं को आर्थिक सहायता और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।

Post a Comment

Previous Post Next Post