दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने मदन महल और गढ़ा थाना क्षेत्र के दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर नकद इनाम घोषित किया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले, गिरफ्तारी के संबंध में सूचना देने वाले या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को ₹5-5 हजार का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी इन आरोपियों के संबंध में सूचना देने की अपील की है।
घोषणा के अनुसार गढ़ा थाना के अपराध क्रमांक 54/26 में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 35 के तहत फरार आरोपी बेबू कटारिया उर्फ भगवान दास कटारिया, पिता गिधनदास कटारिया, निवासी नवीन विद्यालय स्कूल के पास नेपियर टाउन, की गिरफ्तारी पर ₹5 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
इसी तरह मदन महल थाना के अपराध क्रमांक 10/26 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत फरार आरोपी राजेन्द्र राउत, पिता रविन्द्र राउत, निवासी गांधीनगर पाड़ा जिला बालंगीर (उड़ीसा) तथा स्थायी निवासी प्रतापनगरी थाना सदर जिला कटक (उड़ीसा), की गिरफ्तारी पर भी ₹5 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों की लंबे समय से तलाश की जा रही है। किसी भी व्यक्ति के पास इन फरार आरोपियों के संबंध में सूचना हो तो वह नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Tags
jabalpur
