Jabalpur News: हिटेजी कंपनी के चालक ने खाया जहर, एक्सीडेंट के बाद दर्ज हुई थी FIR; डर और तनाव में की आत्महत्या

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। एटीएम मशीनों में कैश लोड करने वाली हिटेजी कंपनी में पदस्थ एक वाहन चालक ने तनाव में आकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शिवा प्रजापति (35) निवासी बेलखाड़ू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उसकी खड़ी गाड़ी से बाइक सवार के टकराने से युवक की मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। इसी मामले को लेकर वह काफी परेशान था।

खड़ी गाड़ी से टकराकर बाइक सवार की हुई थी मौत

जानकारी के मुताबिक 3 मार्च की रात करीब 1:30 बजे बलदेवबाग क्षेत्र में शिवा की गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक गाड़ी से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन जब्त कर लिया। जांच के दौरान पता चला कि वाहन शिवा प्रजापति चलाता था। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।

कंपनी से मदद नहीं मिलने का लगा सदमा


एफआईआर दर्ज होने के बाद शिवा ने कंपनी के अधिकारियों से फोन पर बात कर मदद मांगी। परिजनों के मुताबिक कंपनी की ओर से उसे लाइसेंस लेकर आने और जमानतदार ढूंढने की बात कही गई। शिवा ने कहा कि अगर कोर्ट-कचहरी का मामला होगा तो खर्च कौन उठाएगा, लेकिन कंपनी ने आर्थिक मदद से इंकार कर दिया।

बताया गया कि कंपनी के एक सुपरवाइजर ने उसे यह भी कहा कि अगर नौकरी छोड़ दी तो छह महीने तक जेल में रहना पड़ेगा। यह बात सुनकर शिवा काफी डर गया।

घर जाकर खा लिया जहर

तनाव और डर के चलते शिवा ने सोमवार रात अपने गांव बेलखाड़ू में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

परिजनों का कंपनी कार्यालय पर हंगामा


मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर हिटेजी कंपनी के ऑफिस पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि कंपनी के अधिकारियों की प्रताड़ना और धमकी के कारण ही शिवा ने आत्महत्या की।

ऑफिस पर लगा मिला ताला

परिवार का आरोप है कि जब वे कंपनी के ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला और अधिकारी गायब थे। शिवा के दोस्त रोहित शर्मा ने बताया कि वह कंपनी के सुपरवाइजर संतोष से परेशान था और उसे लगातार धमकाया जा रहा था।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


शिवा अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों (7 और 4 साल) को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी पर थी। उसका छोटा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।

पुलिस कर रही जांच

हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना का मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जबकि आत्महत्या की घटना बेलखाड़ू में हुई है, इसलिए आगे की जांच संबंधित थाने द्वारा की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post