दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) छतरपुर। जिले के बगौता गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली पूनम सेन का कहना है कि उनके पति का पड़ोस में रहने वाली महिला से अवैध संबंध है और इसका विरोध करने पर उन्हें न केवल पीटा गया बल्कि जबरन जहरीला पदार्थ भी पिला दिया गया।
पीड़िता पूनम सेन के अनुसार, उनके पति सोनू सेन का लंबे समय से पड़ोस की एक महिला से संबंध है। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पूनम ने बताया कि उन्होंने कई बार लिखित शिकायत कर इस रिश्ते का विरोध भी किया था, यहां तक कि वर्ष 2024 में समझौता भी हुआ, लेकिन हालात नहीं बदले।
महिला का आरोप है कि हाल ही में जब उन्होंने फिर विरोध किया तो पति और सास ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। उन्हें घर में बंद कर दिया गया और सड़क पर भी सरेआम पीटा गया। पूनम ने बताया कि उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई, जिसके निशान अब भी मौजूद हैं।
पीड़िता का कहना है कि मारपीट के बाद उन्हें जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। फिलहाल उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पूनम सेन ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति और दूसरी महिला के बीच इंस्टाग्राम पर चैटिंग और वीडियो कॉलिंग होती थी। उन्होंने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने का भी दावा किया है।
पूनम सेन की शादी को करीब 10 साल हो चुके हैं और उनके दो बच्चे हैं। उन्होंने पुलिस से पति और सास के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पीड़िता के परिजनों को थाने बुलाया गया है और शिकायत के आधार पर जांच कर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरोपी पति से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ।
Tags
madhya pradesh
