दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलखेड़ा थाना प्रभारी की बिना सूचना अनुपस्थिति पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें अनोखी सजा दी। टीआई को एसपी कार्यालय में सुबह से शाम तक खड़ा रखा गया। इस कार्रवाई की शहर में चर्चा बनी हुई है।
ड्यूटी के बाद निकले, अगले दिन नहीं पहुंचे थाने
जानकारी के अनुसार बेलखेड़ा थाना प्रभारी लवकेश उपाध्याय गुरुवार रात ड्यूटी के बाद थाने से निकले, लेकिन शुक्रवार सुबह थाने नहीं पहुंचे। उन्होंने न तो कंट्रोल रूम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और न ही दिनभर की लोकेशन की जानकारी दी। मामला एसपी तक पहुंचने पर उनकी गैरहाजिरी दर्ज करने और थाने में आमद न लेने के निर्देश दिए गए।
एसपी ऑफिस बुलाकर मांगा स्पष्टीकरण
शनिवार को टीआई को एसपी कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया। वे सुबह करीब 11 बजे पहुंच गए, जहां उन्हें बिना सूचना अनुपस्थित रहने का कारण बताना था।
पूरे दिन खड़े रहकर करना पड़ा इंतजार
सूत्रों के मुताबिक एसपी व्यस्त कार्यक्रम और वीआईपी दौरे में चले गए, जिससे टीआई की मुलाकात नहीं हो सकी। इस दौरान उन्हें कार्यालय में ही पूरे दिन खड़ा रखा गया, जिसे अनुशासनात्मक सजा के रूप में देखा जा रहा है।
आगे की कार्रवाई सोमवार को संभव
शनिवार को थाने में उनकी आमद नहीं ली गई, जबकि रविवार को अवकाश के कारण कार्यालय बंद रहा। अब सोमवार को ही टीआई की एसपी से मुलाकात हो सकेगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
Tags
jabalpur
