दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर व्यापक कांबिंग गश्त चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान कई वर्षों से फरार आरोपियों को पकड़ते हुए कुल 280 वारंट तामील किए गए।
शनिवार रात 9 बजे से रात 2 बजे तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, जितेंद्र सिंह, पल्लवी शुक्ला, सूर्यकांत शर्मा, अंजना तिवारी सहित सभी नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में शहर और देहात के सभी थाना प्रभारियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ गश्त की।
वर्षों से फरार आरोपी पकड़ाए
अभियान के दौरान पुलिस ने दबिश देकर 132 गैर-जमानती वारंटी, 81 गिरफ्तारी वारंट, 67 जमानती वारंट तामील किए। पुलिस के अनुसार अधिकांश आरोपी लंबे समय से कानून से बचते फिर रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अलग-अलग टीमों का हुआ गठन
कांबिंग गश्त के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष टीमें बनाई गईं। प्रत्येक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी, उप निरीक्षक या सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी कर रहे थे। क्राइम ब्रांच की टीमें भी अभियान में शामिल रहीं।
स्टेशन और बस स्टैंड पर सघन चेकिंग
गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की निगरानी की गई। देर रात घूमने वालों से पूछताछ की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन जांच की गई।
Tags
jabalpur
