दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना घमापुर एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश गौतम के अनुसार, क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मंगल पराग ग्राउंड के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। वह सफेद-काली छींट वाली शर्ट और नीले रंग की पैंट पहने हुए है तथा कमर में पिस्टल खोंसकर किसी घटना को अंजाम देने या हथियार बेचने की फिराक में है।
सूचना पर थाना घमापुर और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां जामुन के पेड़ के नीचे बैठे संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभय वर्मा (30 वर्ष), निवासी हनुमान टोरिया कांचघर बताया।
तलाशी लेने पर युवक की कमर से एक पिस्टल बरामद हुई। मैगजीन चेक करने पर उसमें एक जिंदा कारतूस लोड मिला। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसे यह हथियार कहां से और कैसे प्राप्त हुआ तथा वह किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
Tags
jabalpur

